18 AUG 2026 · News
क्या Gen Z ने ली अमित मालवीय की कुर्सी ?, BJP की नई टीम में आखिर क्यों नहीं मिली जगह ?

भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में अपनी नई राष्ट्र्रीय टीम का ऐलान किया है। नितिन नवीन की इस नई टीम में जहां कई पुराने चेहरों की वापसी हुई है तो वहीं कुछ नेताओं को टीम से बाहर भी किया गया है। कुछ ऐसे चेहरे भी दिख रहे हैं जो आमतौर पर चर्चाओं से दूर रहे हैं। इन सबमें सबसे अधिक चर्चा अगर किसी की हो रही है तो वो हैं बीजेपी आईटी सेल के हेड रहे अमित मालवीय। अमित मालवीय को नई टीम में फिलहाल कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई है। दीपक म्हस्के को आईटी सेल का प्रमुख बनाया गया है। ऐसे में सवाल ये कि आखिर एक दशक से अधिक समय से बीजेपी आईटी सेल का काम देख रहे अमित मालवीय को पार्टी ने क्यों हटाया ? कहीं ये Gen Z के विरोध प्रदर्शन का असर तो नहीं है ?
एक दशक से अधिक समय से सक्रिय रहे अमित मालवीय
अमित मालवीय तकरीबन ग्यारह साल से बीजेपी की आईटी सेल की कमान संभाल रहे थे। सोशल मीडिया के साथ ही अमित मालवीय अक्सर अपने बयानों के चलते भी चर्चाओं में आ जाते। सोशल मीडिया में पार्टी की छवि के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी की छवि को बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी अमित मालवीय निभाते रहे हैं।
अचानक बाहर क्यों हुए ?
अमित मालवीय को बीजेपी आलाकमान ने पार्टी की नई टीम में जगह क्यों नहीं दी इसे लेकर चर्चाएं जारी हैं। माना जा रहा है कि पिछले दिनों जंतर मंतर पर हुआ Gen Z का आंदोलन अमित मालवीय के जाने की एक बड़ी वजह बना है। जिस तरह से बीजेपी और केंद्र सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट्स लिखी गईं और उसने पार्टी और पीएम मोदी की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
अमित मालवीय ने ये कहा
बीजेपी के आईटी सेल के प्रमुख के पद से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने अपने कार्यकाल को बेहतर बनाने के लिए अपने साथियों को शुक्रिया कहा है। अमित मालवीय लिखते हैं, "बीजेपी के सभी नए बने पदाधिकारियों को बधाई. उनकी नियुक्ति ऐसे अहम मोड़ पर हुई है, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश और संगठन को देश के कोने-कोने तक ले जाने की तैयारी कर रही है."
"मैं ख़ासतौर पर दीपक म्हस्के जी को बधाई देना चाहता हूं, जो मेरी जगह बीजेपी के सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के हेड का काम संभालेंगे, और सह संयोजकों प्रीति गांधी जी, शिवानंद द्विवेदी जी, आलोक भट्ट जी और अरुण यादव जी को."
https://twitter.com/amitmalviya/status/2089313851317834228
पार्टी ने नहीं बताई कोई वजह
अमित मालवीय को हटाए जाने की कोई वजह बीजेपी ने नहीं बताई है। सार्वजनिक तौर पर इसका कोई कारण सामने नहीं आया है। पार्टी ने इसे संगठन में बदलाव की तरह पेश किया है
दीपक म्हस्के को मिली कमान
बीजेपी ने अपने आईटी सेल ही कमान अब दीपक म्हस्के को सौंपी है। दीपक म्हस्के केमिस्ट्री के प्रोफेसर रहे हैं। इसके साथ ही वो बीजेपी के लिए छत्तीसगढ़ में डेटा एनालिसिस और उसके हिसाब से स्ट्रेटजी बनाते रहे हैं।
सौम्य स्वभाव के दीपक म्हस्के को लाने के पीछे सबसे बड़ा मकसद पार्टी की छवि को सोशल मीडिया में सुधारना माना जा रहा है।
बड़ा सवाल, क्या बीजेपी की डिजिटल रणनीति बदलेगी ?
अमित मालवीय के आईटी सेल के पद से हटाए जाने और उनकी जगह दीपक म्हस्के की तैनाती बीजेपी की आगामी सोशल मीडिया स्ट्रेटजी को लेकर कई सवाल पूछने की वजह बनती है। क्या बीजेपी सोशल मीडिया में पहले से चले आ रहे अपने ट्रेंड को बदलने की कोशिश कर रही है। Gen Z के आंदोलन के बाद बनी स्थिती से निपटने के लिए क्या बीजेपी पहले से अधिक सतर्क रहेगी ? वहीं दीपक म्हस्के ने एक निजी टीवी चैनल एनडीटीवी से बातचीत में कहा है कि बीजेपी अब युवाओं तक पहुंचने के लिए इंस्टाग्राम, रील्स और प्लेटफ़ॉर्म स्पेसिफ़िक मैसेजिंग पर ज़ोर देगी. उन्होंने यह भी कहा है कि पार्टी मिसइन्फ़ॉर्मेशन का जवाब देने और लोगों की गलत धारणाएं दूर करने पर ध्यान देगी।
दीपक म्हस्के के इस बयान से साफ होता है कि बीजेपी ने अपनी रणनीति को बदलने का मन बना लिया है।