मंगलवार · विक्रम संवत् 2083 · आश्विन शुक्ल पक्ष · तृतीया

12 OCT 2026 · उत्तराखंड

उत्तराखंड के नए राज्यपाल बने डॉ. ढाल सिंह बिसेन, सीएम धामी ने दी बधाई; दुष्यंत गौतम को सिक्किम की जिम्मेदारी

नई दिल्ली/देहरादून: राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस कम्युनिके के अनुसार, छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल किया गया है। मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, उत्तराखंड बीजेपी के प्रभारी रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। 

dhal singh bisen

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।

छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल

12 अक्टूबर 2026 के प्रेस कम्युनिके में जिन नियुक्तियों का उल्लेख है, उनके अनुसार राज्यों और नए राज्यपालों की सूची इस प्रकार है:

  • उत्तराखंड: डॉ. ढाल सिंह बिसेन

  • सिक्किम: दुष्यंत गौतम

  • केरल: ओम प्रकाश माथुर

  • तमिलनाडु: राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर

  • ओडिशा: ब्रज मोहन राम

  • कर्नाटक: डॉ. सुधा यादव

प्रेस कम्युनिके के मुताबिक, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल भेजा गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु की जिम्मेदारी दी गई है। ओडिशा, कर्नाटक, उत्तराखंड और सिक्किम के लिए भी नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। नियुक्तियां संबंधित पद का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी। 

सीएम धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. ढाल सिंह बिसेन को देवभूमि उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री के संदेश के अनुसार, डॉ. बिसेन का दीर्घ राजनीतिक अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और सार्वजनिक जीवन में योगदान प्रेरणादायी है।

सीएम धामी ने कहा कि डॉ. बिसेन मध्य प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के रूप में जनहित तथा समाजसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डॉ. बिसेन के अनुभव और मार्गदर्शन से उत्तराखंड के विकास को नई दिशा मिलेगी और राज्य की विकास यात्रा को गति मिलेगी। उन्होंने उनके सफल और मंगलमय कार्यकाल की कामना भी की।


डॉ. ढाल सिंह बिसेन का अनुभव चर्चा में

डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वह राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री और सांसद के रूप में जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। अब वो उत्तराखंड के राज्यपाल के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।