कैबिनेट मंत्री ने विभागीय बैठक में नगर निगम और PWD के कामों की समीक्षा की, 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
देहरादून, 29 सितंबर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में हुई संयुक्त विभागीय बैठक में उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक के दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान और नालियों की सफाई को लेकर बार-बार निर्देश देने के बावजूद अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। इससे क्षेत्र की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
15 दिन में सुधारने होगी सफाई व्यवस्था
खजान दास ने नगर निगम के अधिकारियों को राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को 15 दिनों के भीतर सुचारू बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और फॉगिंग सहित नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लक्ष्य का सख्ती से पालन करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क मरम्मत के लिए जल्द निविदाएं आमंत्रित करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।
बिजली लाइनों को भूमिगत करने के काम में तेजी के निर्देश
खजान दास ने यूपीसीएल के अधिकारियों से विधानसभा क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने सभी संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र के चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी निर्माण, सीवर लाइन निर्माण, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल कार्यों, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार से जुड़े लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई।
मंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी
बैठक में शामिल नहीं हुए स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों को लेकर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित विभागों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि लंबित कार्यों को लेकर मौके पर ही आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
'विकसित भारत की शुरुआत घर और शहर से करनी होगी'
खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए विकास की शुरुआत स्थानीय स्तर से करनी होगी।
उन्होंने कहा कि अपने घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य को बेहतर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।