{
    "url": "https://prathampost.com/khajan-das-rajpur-road-cleanliness-road-repair-dehradun",
    "title": "देहरादून की बिगड़ी सफाई व्यवस्था से नाराज हुए मंत्री खजान दास, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों पर भी भड़के",
    "type": "news",
    "summary": "A news report on देहरादून की बिगड़ी सफाई व्यवस्था से नाराज हुए मंत्री खजान दास, स्मार्ट सिटी के अधिकारियों पर भी भड़के. देहरादून, 29 सितंबर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में हुई संयुक्त विभागीय बैठक में उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और…",
    "direct_answer": "देहरादून, 29 सितंबर। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजान दास ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में हुई संयुक्त विभागीय बैठक में उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कूड़ा उठान और नालियों की सफाई को लेकर…",
    "target_question": "What is द हर द?",
    "author": {
        "name": "Alka Tiwari",
        "job_title": "Editor in chief",
        "url": "https://prathampost.com/author/alka-tiwari"
    },
    "published_at": "2026-09-29T23:53:00+05:30",
    "updated_at": "2026-09-30T02:37:42+05:30",
    "freshness_note": "First published 29 September 2026.",
    "category": "उत्तराखंड",
    "tags": [
        "PWD",
        "उत्तराखंड",
        "खजान दास",
        "देहरादून",
        "नगर निगम",
        "यूपीसीएल",
        "राजपुर रोड",
        "स्मार्ट सिटी"
    ],
    "entities": [
        "द हर द",
        "PWD",
        "खजान दास",
        "राजपुर रोड",
        "देहरादून",
        "उत्तराखंड",
        "नगर निगम",
        "यूपीसीएल",
        "स्मार्ट सिटी"
    ],
    "word_count": 4,
    "reading_minutes": 1,
    "markdown_url": "https://prathampost.com/khajan-das-rajpur-road-cleanliness-road-repair-dehradun?format=md",
    "license": "Quotation permitted with attribution and link.",
    "content": "## कैबिनेट मंत्री ने विभागीय बैठक में नगर निगम और PWD के कामों की समीक्षा की, 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश\n**देहरादून, 29 सितंबर।** प्रदेश के कैबिनेट मंत्री **खजान दास** ने राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और लंबित विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में हुई संयुक्त विभागीय बैठक में उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।\n\nबैठक के दौरान नगर निगम की सफाई व्यवस्था को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि **कूड़ा उठान और नालियों की सफाई को लेकर बार-बार निर्देश देने के बावजूद अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है।** इससे क्षेत्र की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।\n\n## 15 दिन में सुधारने होगी सफाई व्यवस्था\nखजान दास ने नगर निगम के अधिकारियों को राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को **15 दिनों के भीतर सुचारू बनाने** के निर्देश दिए।\n\nउन्होंने सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और फॉगिंग सहित नगर निगम द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।\n\n## 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश\nबैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** के निर्देशों के अनुरूप **15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने** के लक्ष्य का सख्ती से पालन करने को कहा।\n\nउन्होंने अधिकारियों को सड़क मरम्मत के लिए जल्द निविदाएं आमंत्रित करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति के कारण आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जाए।\n\n## बिजली लाइनों को भूमिगत करने के काम में तेजी के निर्देश\nखजान दास ने यूपीसीएल के अधिकारियों से विधानसभा क्षेत्र में विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने के कार्य की प्रगति की जानकारी ली।\n\nउन्होंने सभी संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र के **चौराहों के सौंदर्यीकरण, मॉडल कॉलोनी निर्माण, सीवर लाइन निर्माण, हरिद्वार रोड पर फुटओवर ब्रिज, पेयजल कार्यों, परेड ग्राउंड और पलटन बाजार** से जुड़े लंबित कार्यों पर भी चर्चा हुई।\n\nमंत्री ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।\n\n## स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम के अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी\nबैठक में शामिल नहीं हुए **स्मार्ट सिटी और पेयजल निगम** के अधिकारियों को लेकर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।\n\nमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित विभागों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि लंबित कार्यों को लेकर मौके पर ही आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।\n\n## 'विकसित भारत की शुरुआत घर और शहर से करनी होगी'\nखजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री के **2047 तक विकसित भारत** के लक्ष्य को साकार करने के लिए विकास की शुरुआत स्थानीय स्तर से करनी होगी।\n\nउन्होंने कहा कि अपने घर, आसपास के क्षेत्र, शहर और राज्य को बेहतर बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने होंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।\n\nबैठक में **नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डे** सहित नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, यूपीसीएल और जल संस्थान के अधिकारी मौजूद रहे।"
}